पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम

नशामुक्ति अभियान

पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम के अलावा विश्वभर में और कोई ऐसा दूसरा स्थान नहीं है, जहाँ से निरन्तर नशामुक्ति अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा हो। इस अभियान के द्वारा हर दिन सैकड़ों लोगों को नशामुक्त किया जाता है, जिसके लिए सिद्धाश्रम से संचालित भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के माध्यम से अथक प्रयास किये जा रहे हैं।
हमारे धर्मग्रन्थों में राजा के लिए “न्यायेन कोशस्य हि वर्धनं च” का उपदेश दिया गया है, जिसका सामान्य अर्थ है कि राजा को न्याय से कोश बढ़ाना चाहिए। लेकिन, आज का हमारा राजतंत्र नीति- न्याय को बेचकर अनीति-अन्याय-अधर्म के घोड़े पर सरपट दौड़ता हुआ नशे के व्यापार से अपने राजकोष को भर रहा है। ‘प्रजा के हित में ही राजा का हित है’ जैसे राष्ट्रकल्याणकारी वाक्य को भूलकर हमारा राजतंत्र, प्रजा तक नशे को सुलभ करके उसे कमजोर, बीमार, ग़रीब, अशिक्षित और असहाय बना रहा है। नशामुक्ति अभियानों के कार्यक्रमों का ढोंग करने वाले राजनेताओं के हाथों व्यापक रूप से चलने वाले नशे के व्यापार के कारण ही आज समाज के बच्चे, युवा, महिलाएं, मजदूर बड़े पैमाने पर नशे के आदी हो चुके हैं, जिससे उनका जीवन बर्बाद हो रहा है।
सिद्धाश्रम धाम की महिमा ऐसी है कि बड़े से बड़े नशे से प्रसित व्यक्ति, जो चाहकर भी नशे से मुक्त न हो पा रहा हो, यदि यहाँ के भक्तिमय वातावरण में उपस्थित होता है, तो श्री दुर्गाचालीसा अखण्ड पाठ की अलौकिक तरंगों, मूलध्वज में ‘माँ ‘ के आरतीक्रम की ऊर्जा तथा सद्गुरुदेव जी महाराज के आशीर्वाद से वह अपने मन पर सहज ही नियंत्रण प्राप्त कर लेता है और निश्चितरूप से नशामुक्त हो जाता है। स्वयं सद्गुरुदेव जी महाराज नित्यप्रति सुबह-शाम मिलने वाले क्रम में देश के विभिन्न भागों से नशामुक्त होने आए सैकड़ों लोगों को मिलने का समय देते हैं और उन्हें नशामुक्त जीवन का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
सिद्धाश्रम एक ऐसा स्थान है, जहाँ बिना किसी दवा इत्यादि के, नित्यप्रति 40 से 50 की संख्या में नशे से पीड़ित व्यक्ति नशामुक्त होकर जाते हैं। भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ता भी देशभर में जनजागरणों के माध्यम से समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे नित्यप्रति सैकड़ों लोग नशामुक्त होकर संगठन की विचारधारा से जुड़ रहे हैं।
संगठन एवं पार्टी के कार्यकर्ता जहाँ एक ओर नशे से ग्रसित समाज को जागरूक करते हुए सिद्धाश्रम धाम की ऊर्जा से जोड़कर उन्हें नशामुक्त करते हैं, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं के द्वारा अवैध शराब की खेपें पुलिस को सूचना देकर पकड़ाते हुए नशे के कारोबार को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है व अब तक 2000 से अधिक स्थानों पर अवैध शराब की खेपें पकड़वाई जा चुकी हैं। इस धंधे पर रोक लगाने हेतु भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के द्वारा पूरे देश में नशाविरोधी जनान्दोलन चलाया जा रहा है, जिसके प्रभाव से समाज के हर वर्ग में नशे के ख़िलाफ़ आवाज मुखर हो उठी है। तत्सम्बंध में जहाँ हजारों स्थानों से नशे की खेपें पकड़वाई जा रही हैं, वहीं शासन-प्रशासन को नशामुक्ति के लिए ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।

Leave a Comment