पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम

Chetna Mantra

निःशुल्क वस्त्र सहायता

भारत देश का यह दुर्भाग्य है कि आज स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 वर्ष बाद भी देश की 70 प्रतिशत ‘आबादी गरीबी रेखा के नीचे है, जो रोटी, कपड़ा, मकान जैसी अनिवार्य आवश्यकताओं से आज भी वंचित हैं। यह आश्चर्य का विषय है कि इस 21 वीं सदी में भी देश में करोड़ों ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके पास पेटभर भोजन, तन ढकने के लिए कपड़ा और सिर के ऊपर छप्पर नहीं हैं।

सिद्धाश्रम में जरूरतमंदों को निःशुल्क रूप से वस्त्र प्रदान करतीं शक्तिस्वरुपा बहन ज्योति जी एवं सिद्धाश्रमरत्न रजत जी

पिछले 25 वर्षों से निःशुल्क आवास व्यवस्था, निःशुल्क भोजन व्यवस्था सहित अन्य कई व्यवस्थाओं के साथ ही वर्ष 2019 से प्रारम्भ निःशुल्क वस्त्र सहायता केंद्र, पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम ट्रस्ट के जनकल्याणकारी कार्यों में, एक नये अध्याय के रूप में जुड़ गया है। सिद्धाश्रम धाम में स्थापित वस्त्र सहायता केंद्र के माध्यम से, अभावग्रस्त लोगों के लिए निःशुल्क रूप से वस्त्र उपलब्ध कराये जाते हैं, जिससे नित्यप्रति सिद्धाश्रम आने वाले समाज के लोग लाभान्वित होते हैं। परम पूज्य गुरुवरश्री ने वस्त्र सहायता की संकल्प भावना के साथ समाज का आवाहन किया कि जिनके पास अतिरिक्त वस्त्र हैं, वो यहाँ समर्पित करें, ताकि जरूरतमंद लोगों की सहायता हो सके और इस आवाहन का वह सकारात्मक प्रभाव हुआ कि इस अभियान में समाजसेवीजन बढ़कर हिस्सा लेने लगे। यहाँ तक कि अपने अतिरिक्त वस्त्रों के साथ ही नए वस्त्र भी क्रय करके उनके द्वारा निःशुल्क वस्त्र सहायता केन्द्र में जनकल्याण हेतु समर्पित किये जा रहे हैं।

इस क्रम की उपयोगिता का सबसे प्रभावक रूप शीतऋतु में सहज ही देखने को मिल जाता है, जब दूर-दूर से नित्य आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा, आसपास के गांवों से अनेक लोग वस्त्र प्राप्त करने के लिए सिद्धाश्रम तक पहुँच आते हैं। लोग परिवार के परिवार, बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हजारों की संख्या में पंक्तिबद्ध होकर वस्त्र प्राप्त करते हैं और उस समय उनके मुख पर प्रसन्नता की लहर देखते ही बनती है, जैसे कि उनकी बहुत बड़ी आवश्यकता की पूर्ति हो गई हो।

सिद्धाश्रम वस्त्र सहायता केंद्र
कार्यकर्ताओं के द्वारा निःशुल्क वस्त्र वितरण
जय माता की - जय गुरुवर की